मथुरा। जनपद के बरसाना स्थित बद्री बाबा गौशाला, राधा बाग में जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मथुरा के तत्वावधान में राष्ट्रीय आपदा मोचक बल एवं राज्य आपदा मोचक बल के साथ एक वृहद संयुक्त मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया।
इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा द्वारा की गई, जिनके कुशल निर्देशन में आपदा प्रबंधन की बारीकियों को गहराई से परखा गया। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने और इसके सफल क्रियान्वयन में जिला आपदा विशेषज्ञ पूजा राणा की एक कुशल संगठनकर्ता के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूजा राणा के रणनीतिक मार्गदर्शन और प्रबंधन में ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतरीन तालमेल और ड्रिल का सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया, जिसमें नायब तहसीलदार सी.पी. सिंह का भी सक्रिय सहयोग रहा।
इस मॉक ड्रिल में राष्ट्रीय आपदा मोचक बल के कमांडेंट अनिल कुमार और राज्य आपदा मोचक बल से कार्तिकेय मिश्रा के नेतृत्व में बचाव दलों ने अपने अदम्य साहस और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। अभ्यास के दौरान राज्य आपदा मोचक बल की टीम और अग्निशमन विभाग से आलोक कुमार ने मिलकर ‘केबल कार इमरजेंसी’ जैसे कठिन बचाव कार्यों को बखूबी अंजाम दिया।
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित टेबल टॉप बैठक के दौरान, पूजा राणा के कुशल समन्वय से सभी हितधारकों के बीच इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आई.आर.एस.) प्रणाली के अनुसार सटीक तालमेल बिठाया गया। नागरिक सुरक्षा विभाग मथुरा की ओर से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल नागपुर एवं राज्य आपदा मोचन बल लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके आपदा मित्र, पोस्ट वार्डन एवं मास्टर ट्रेनर अशोक यादव ने अपनी टीम के साथ इस ड्रिल में अग्रणी भूमिका निभाई।
अशोक यादव के नेतृत्व में आपदा मित्रों ने राष्ट्रीय आपदा मोचक बल, राज्य आपदा मोचक बल और चिकित्सा टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बचाव कार्यों का शानदार प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन और चिकित्सा टीम के सक्रिय सहयोग से स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता पहुँचाने के विशेष कौशल को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गोवर्धन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग सहित जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व संसाधन समय पर उपस्थित रहे। अंत में, इस सफल आयोजन पर राष्ट्रीय आपदा मोचक बल के कमांडेंट अनिल कुमार और नायब तहसीलदार सी.पी. सिंह ने गहरा संतोष व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में एडीसी नीरज श्रीवास्तव, सेक्टर वार्डन राम सैनी, गुलशेर, एसएचओ बरसाना, आपदा मित्र खुशबू चौधरी, लावली, मीनू, काजल, हर्षिता, तानिया, पंकज, जयवीर, कौशिक, ताहिर, शुभम कुमार आदि सभी शामिल रहे। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, परिवहन विभाग, जल निगम और रेड क्रॉस सोसाइटी जैसे सभी संबंधित विभागों ने पूर्ण सद्भावना के साथ अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया।
